Bihar Politics : तेजस्वी यादव पर क्यों भड़क गए बिहार के डिप्टी सीएम? कहा- घटिया मानसिकता है, कार्रवाई तो…

DESK – बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने तेजस्वी यादव पर विवादित बयान दिया है। इसके साथ उन्होंने राजद और लालू यादव को भी घेरा है। विजय सिन्हा ने कहा कि देश के नाजायज औलाद तेजस्वी के यार हैं। उन्होंने कहा कि आतंकी भ्रष्टाचारी और अपराधियों से राजद की दोस्ती है। इसके अलावा भी कई मुद्दों पर विजय सिन्हा ने तेजस्वी को घेरा।

* माता-पिता के किए गए पाप ने बिहार को बर्बाद कर दिया- विजय सिन्हा
* ऐसी मानसिकता वाले लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए- विजय सिन्हा

बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा अचानक राजद नेता और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव पर भड़क गए। दरअसल, तेजस्वी ने ईडी को भाजपा का जमाई बताया था। इसपर विजय सिन्हा नाराज हो गए।

विजय सिन्हा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि तेजस्वी यादव जिस भाषा का प्रयोग कर रहे हैं, वह राजनीति का दुर्भाग्य है। सीबीआई, ईडी और इनकम टैक्स को वह भाजपा का जमाई कह रहे हैं।

सारे विभाग मां भारती के संतान

उन्होंने कहा कि ये सारे विभाग मां भारती के संतान हैं। ये संविधान हमारी माता के रूप में है। ऐसे में अगर किसी संवैधानिक व्यवस्था पर मजाक कर रहे हो तो यह घृणित मानसिकता का परिचायक है।

विजय सिन्हा ने आगे कहा कि देश के जो नाजायज औलाद (भ्रष्टाचारी, अपराधी और आतंकी) तुम्हारे यार हैं। उन्होंने कहा कि तुम्हारे माता-पिता के किए गए पाप ने बिहार को बर्बाद और लोगों को लूटने का काम किया है।

ऐसे नेता पर होनी चाहिए कार्रवाई- विजय सिन्हा

विजय सिन्हा ने आगे कहा कि मां भारती का संतान इसकी जांच कर रहा है और कोर्ट भी इसपर जजमेंट दे रहा है। ऐसे में तेजस्वी का बयान कोर्ट को भी घेरता है।

उन्होंने कहा कि ऐसी मानसिकता वाले लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए। बिहार की जनता देश के नाजायज औलादों (भ्रष्टाचारी, अपराधी और आतंकी) को पालने वाले को कभी पसंद नहीं करेगी। बिहार को उनसे मुक्त करने का काम करेगी।

Sweta Yadav