पटना। आर्थिक अपराध इकाई(इओयू) ने पटना जिले के मोकामा के पचमहला के रामपुर डुमरा गांव में छापा मारकर नोट दोगुना करने वाले ठगों के गिरोह का खुलासा किया है। कार्रवाई में तीन शातिर गिरफ्तार किये गए और 20 लाख रुपये नकद बरामद किया गया। यह गिरोह लोगों को प्रलोभन में फंसाकर ठगी करते थे। कई राज्यों में इस गिरोह का नेटवर्क ठगी का काम कर रहा है। गिरफ्तार अभियुक्तों में रविंद्र कुमार सिंह, विश्वजीत कुमार सिंह और रामनिवास साह शामिल हैं। रविंद्र और विश्वजीत पचमहला थाना के रामपुर डुमरा निवासी अर्जुन सिंह के बेटे हैं। वहीं रामनिवास साह घोसवारी थाना के रामनगर का रहने वाला है। इनके खिलाफ पीड़ित लोगों ने आर्थिक अपराध इकाई में शिकायत की थी। इओयू द्वारा मामले की जांच कराई गई। इसके बाद आर्थिक अपराध इकाई के अधिकारियों ने पचमहला थाना को साथ लेकर कार्रवाई की जिसमें तीन को दबोच लिया। उनसे पूछताछ कर जानकारी जुटाई गई। मई महीने में भी ऐसे मामले सामने आए जब पचमहला थाना ने ठगी के अंतरराज्यीय नेटवर्क में शामिल चार भाई समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया था। उस समय कार्रवाई के दौरान भी 10 लाख रुपये बरामद किए गए थे। रविंद्र कुमार और विश्वजीत कुमार पूर्व में भी गिरफ्तार हो चुके हैं। पुलिस उसी समय से लिंक के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।