वार्ड पार्षद के पिता की रॉड से पीट-पीटकर हत्या, रास्ते के विवाद को लेकर पड़ोसी ने ले ली जान

वैशाली जिले के सोनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनपुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या 6 के पहाड़ी चक में रास्ता घेरने को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद में बदमाशों ने वार्ड पार्षद के पिता की लोहे के रॉड से पीट पीट कर हत्या कर दी।

तीन को पीट-पीटकर किया अधमरा

मृतक सोनपुर नगर पंचायत के वार्ड 6 के पार्षद राजीव कौशल के पिता पहाड़ी चक निवासी स्वर्गीय राजेंद्र सिंह के पुत्र अरुण कुमार थे। वहीं मारपीट में तीन व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल वार्ड पार्षद राजीव कौशल कुणाल कुमार एवं विजय सिंह का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।

रास्ता का विवाद बना खूनी संघर्ष का कारण

बताया जाता है की पहाड़ी चौक गांव में अरुण कुमार सिंह के घर का रास्ता स्थानीय संजय कुमार सिंह, दीपक कुमार सिंह, बिट्टू कुमार सिंह, रंजन कुमार सिंह समेत अन्य लोगों ने बीते रात ईट से रास्ते को घेर दिया था। गुरुवार की सुबह अरुण कुमार सिंह के भतीजे समेत अन्य लोग इट से घेरे हुए रास्ते को हटा रहे थे।

गाली-गलौज के बाद बिगड़ी बात

इसी दौरान संजय कुमार सिंह समेत उक्त नामजद लोगों ने आकर गाली गलौज देने लगा। गाली देने का विरोध करने पर उक्त सभी लोग लोहा के रॉड से मारपीट कर चार व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल कर दिया। सभी घायल खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े।

मारपीट शोर शराबा सुनकर मौके पर आसपास के लोग जुटे। स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए सभी घायलों को अनुमंडल अस्पताल सोनपुर में भर्ती कराया गया। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सभी घायलों को सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में डाक्टर ने जांच के बाद अरुण कुमार को मृत घोषित कर दिया।

पंचायत में मचा कोहराम

वहीं कुणाल कुमार, राजीव कौशल विजय सिंह समेत का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। अरुण कुमार के मौत की खबर से पंचायत में कोहराम मच गया। स्वजन का रोते रोते बुरा हाल है। घटना के संबंध में मृतक के भतीजे कुणाल ने बताया कि संजय कुमार सिंह समेत अन्य लोग हमारे घर के आगे का रास्ता को घेर दिया था। गुरुवार की सुबह घेरे हुए रास्ता को हम खाली कर रहे थे।

इसी दौरान उक्त सभी लोग लोहे की रॉड लेकर हमला कर दिया। जिसमें हमारे बड़े पापा अरुण कुमार समेत कई लोगों को मारपीट कर बुरी तरह घायल कर दिया। घायलावस्था में सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर लाया गया। डॉक्टर ने जांच के बाद अरुण कुमार को मृत्य घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही सोनपुर थाने की पुलिस सदर अस्पताल पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल में जुट गई। वहीं घटना की जानकारी नगर थाने की पुलिस को दी गई, सूचना पर पहुंची नगर थाने की पुलिस पोस्टमार्टम कराने की कवायत में जुट गई।

घटना की जानकारी मिलते ही सोनपुर थाना अध्यक्ष राजनंदन सदर अस्पताल हाजीपुर पहुंचकर मृतक के स्वजन से घटना की जानकारी लेने में जुटे हैं। थाना अध्यक्ष ने कहा कि पूरे मामले की गहन जांच पड़ताल की जा रही है।

Nisha Singh