कांग्रेस को सिर्फ 48 घंटे में मिला 3 कड़ोड का दान .बिहार और महाराष्ट्र टॉप पर

लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने 18 दिसंबर से एक बड़ा अभियान शुरू किया है। कांग्रेस ने पार्टी के लिए क्राउड फंडिंग की शुरुआत की है। इस अभियान को ‘डोनेट फॉर देश’ का नाम दिया गया है। 28 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान में कांग्रेस समर्थकों से दान और मदद की अपील की जा रही है। इस अभियान में कांग्रेस समर्थकों का खूब सहयोग देखने को मिल रहा है। एक रिपोर्ट के मुताबिक सिर्फ 48 घंटों के भीतर कांग्रेस ने 3 करोड़ रुपये इकट्ठा कर लिया है। सबसे अधिक पैसे कांग्रेस को डोनेट करने के मामले में बिहार और महाराष्ट्र टॉप पर है।

बिहार से सबसे अधिक डोनेशन

एक रिपोर्ट के मुताबिक 20 दिसंबर यानि बुधवार की सुबह 9 बजे तक 1,13,713 दानदाता कांग्रेस के डोनेट फॉर देश अभियान का हिस्सा बने। इस तरह लगभग 3 करोड़ रुपये कांग्रेस को दान दिए गए। करीब 11 लाख से अधिक लोगों ने Donateinc.in पर विजिट किया। इस साइट को 20,000 से अधिक बॉट हमलों का सामना करना पड़ा। अधिकांश दान करने वाले लोगों ने 138 रुपये का दान दिया है। केवल 32 लोगों ने 1.38 लाख रुपये का दान दिया है। बता दे कि कांग्रेस पार्टी 28 दिसंबर को पार्टी की 138वीं वर्षगांठ मनाएगी। मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस को अबतक सबसे अधिक डोनेशन बिहार से मिला है। बिहार के बाद महाराष्ट्र और अन्य राज्यों का नंबर है।

खाली हो रही थी कांग्रेस की तिजोरी

बता दें कि पिछले कुछ सालों से कांग्रेस को मिलने वाली फंडिंग लगातार कम हो रही है। साल दर साल कांग्रेस को मिलने वाली फंडिंग कम हुई है। चुनाव आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक 2018-19 में कांग्रेस की आय 918 करोड़, 2019-20 में 861 करोड़, 2020-21 में 285.8 करोड़, 2021-22 में 96 करोड़, 2022-23 में 79 करोड़ रही है।

Nisha Singh