रांची। शहरवासियों को जल्द दो नए फ्लाईओवर की सौगात मिलने वाली है। दोनों ही फ्लाईओवर का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। रातू रोड फ्लाईओवर इसी महीने के अंत तक बनकर तैयार हो जाएगा। वहीं, सिरमटोली-मेकान फ्लाईओवर का काम रैंप को लेकर फंसा हुआ है।
रातू रोड फ्लाईओवर में बचा ये काम
अब फ्लाईओवर में आइटीआइ की ओर 500 मीटर सर्विस लेन का काम बचा हुआ है। इसके अलावा दो मीटर सर्विस रोड राजभवन और मेट्रो गली के आसपास बचा हुआ है, जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा साइनएज का काम बचा है। इसके बनते ही यह फ्लाईओवर पूरा हो जाएगा और सरपट गाड़ियां दौड़ सकेंगी।
उद्घाटन की तैयारी
यह जानकारी रातू रोड फ्लाईओवर के निर्माण से जुड़े एनएचएआई के इंजीनियर ने कहीं। उन्होंने कहा कि रातू रोड फ्लाईओवर मई में आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। रातू रोड फ्लाईओवर के निर्माण में लगभग 450 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
वहीं सिरमटोली-मेकान फ्लाईओवर का काम रैंप की नई डिजाइन को लेकर फंसा है। आदिवासियों संगठनों का विवाद थमे तो इसमें रुका हुआ काम शुरू होगा। इसे पथ निर्माण विभाग की ओर से तैयार किया जा रहा है।
पथ निर्माण विभाग के इंजीनियर विनोद कच्छप ने कहा कि अगर सरना स्थल में रैंप का विवाद नहीं होता तो अबतक फ्लाईओवर में गाड़ियां चलने लगती। फिलहाल कुछ भी कहने की स्थिति नहीं है।