April 19, 2025

बिहार में आज यानी शनिवार को 3 जिलों में भारी बारिश और आंधी का ऑरेंज अलर्ट है। इसमें किशनगंज, अररिया और पूर्णिया शामिल हैं।

वहीं, 9 जिलों में बारिश-आंधी का यलो अलर्ट है। इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, 15 अप्रैल तक प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी-बारिश की संभावना है।

दक्षिण-पूर्व, उत्तर-मध्य, दक्षिण-पश्चिम और सेंट्रल बिहार के अलग-अलग जगहों पर आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। 16 अप्रैल से मौसम सामान्य होने के आसार है।

शुक्रवार को पूर्णिया के भवानीपुर में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई है। यहां 74.2 एमएम बारिश हुई है।

 

अगले 5 दिनों आंधी-बारिश से राहत नहीं

पटना मौसम विभाग के वैज्ञानिक आशीष कुमार ने बताया- ‘प्री-मानसून सीजन में इस तरह की घटना होते रहती हैं। ऐसा नहीं है कि ये घटना अचानक से हो गई। मौसम विभाग ने पहले पूर्वानुमान कर रखा था।’

‘इस तरह का वेदर अगले 5 दिनों तक आपको देखने को मिलेगा। आज कुछ जगहों पर वज्रपात की संभावना है। उत्तर बिहार, पूर्वी बिहार और पश्चिमी बिहार के अलग-अलग अलर्ट है।’

 

गुरुवार को आंधी-बारिश में घायल हुए 7 और लोगों की मौत

बिहार में गुरुवार को आई तेज आंधी और बारिश में जो लोग घायल हुए थे, उनमें 7 लोगों की अलग-अलग जिलों में आज मौत हो गई।

शेखपुरा में ठनका से एक की मौत जबकि आंधी बारिश के दौरान घायल हुए 3 ने शुक्रवार को अस्पताल में दम तोड़ दिया।

गोपालगंज में ठनका से घायल एक व्यक्ति की जान गई। बिहारशरीफ में भी एक की ठनका से मौत की सूचना है।

बक्सर के कोदई सुकर टोले में भी एक घायल युवक की मौत हो गई।

अप्रैल में सामान्य से डेढ़ गुना ज्यादा बारिश

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, इस साल अप्रैल महीने में अब तक सामान्य से 150% अधिक बारिश हुई है। सबसे अधिक बारिश पूर्णिया के भवानीपुर में 74.2 एमएम हुई है।

इसके बाद नालंदा के हिलसा में हुई है। 10 अप्रैल तक 28 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य रूप से इस समय तक मात्र 11.2 मिमी बारिश होती है।

अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस नीचे

प्रदेश में पिछले 3 दिनों से तेज आंधी के साथ बारिश हो रही है। इसके कारण ज्यादातर जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

अधिकतम तापमान 27 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस नीचे हैं। वहीं, न्यूनतम तापमान 18 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य और दक्षिण-पश्चिम बिहार के जिलों के अधिकतम तापमान में हल्की वृद्धि हो सकती है, जबकि उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिलों में गिरावट दर्ज की जाएगी।

गेहूं, आम, लीची को नुकसान

बेमौसम बरसात से गेहूं, आम, लीची और मक्का जैसी फसलों को नुकसान पहुंचा है। आंधी से आम के टिकोले गिर गए तो लीची भी झड़ गई। कृषि विभाग के अनुसार उत्तर बिहार में गेहूं की कटनी हो चुकी है, लेकिन दक्षिण बिहार में खेत में ही गेहूं की फसल है।

बारिश से गेहूं की गुणवत्ता पर असर पड़ेगा। फसलों की क्षति को देखते हुए कृषि विभाग ने जिला कृषि पदाधिकारियों को फसलों के नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट देने का आदेश दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *