बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल के हाउस गार्ड आशुतोष मिश्रा(45) के सुसाइड केस में नया मोड़ आ गया है। मृतक की मां प्रमिला देवी ने बहू और सास पर खुदकुशी के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। सचिवालय थाना में इस संबंध में केस दर्ज कराया है।
मां प्रमिला देवी(70) आरोप लगाते हुए कहा, ‘पैसे के लिए मेरे बेटे को शारीरिक और मानसिक रूप से टॉर्चर किया जा रहा था। पत्नी सोनी कुमारी(35) और सास सरोज देवी(65) की प्रताड़ना से तंग आकर सुसाइड कर लिया। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।’
“नौकरी और रुपए की लालच में मेरे बेटे को खुदकुशी के लिए दोनों मां-बेटी ने मिलकर उकसाया। पैसे के लिए हमेशा दबाव बनाया जाता था। झारखंड के पूर्वी सिंहभूम में 2013 में आशुतोष की शादी हुई थी। एक बेटी(5) और डेढ़ साल का बेटा है। “
सुसाइड से पहले फोन पर हुई थी बात
पुलिस सूत्रों के मुताबिक घटना से पहले मृतक ने पत्नी से फोन पर बातचीत की थी। किसी बात को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ गया था। कहासुनी हुई, फिर फोन कट गया।
पिस्टल से सिर में मारी थी गोली
मंगलवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल के सरकारी आवास पर हाउस गार्ड आशुतोष मिश्रा(45) खुदकुशी कर ली थी। सचिवालय थाना क्षेत्र में MLC हाउस नंबर 21 में लाइसेंसी पिस्टल से अपने सिर में गोली मारी थी।
घटना के बाद मौसेरे भाई भाई अभय मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने कहा था, ‘घरेलू परेशानी थी। परिवार में तनाव था, लेकिन क्या बात थी, इतना पता नहीं है।’
दोस्त बोले- आशुतोष का व्यवहार सामान्य था
आशुतोष मिश्रा के साथी ने बताया था, ‘जिस वक्त गोली चली, दूसरे साथी ड्यूटी पर जाने के लिए तैयार हो रहे थे।’ सोमवार रात आशुतोष ने अपने साथियों के साथ ठीक ढंग से बातचीत की थी। किसी तरह की परेशानी के बारे में नहीं बताया था।
गोला रोड में किराए पर रहता था जवान
जवान आशुतोष मिश्रा गोला रोड में रेंट पर रहते थे। ड्यूटी दिलीप जायसवाल के आवास पर लगी थी। मंगलवार सवा नौ बजे तक अपने साथियों के साथ ही आवास पर थे। खाना बन रहा था। खाने के लिए जब जवान को खोजा जाने लगा तो देखा कि उनकी डेड बॉडी पड़ी हुई है।