पटना फुलवारीशरीफ में एक नाबालिग लड़की की रेप के बाद हत्या कर दी गई। उसका नग्न शव एक अपार्टमेंट के बाथरूम में मिला। लड़की उस अपार्टमेंट में एक फ्लैट में काम करने जाती थी। गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दी और आगजनी की। पुलिस ने दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि नाबालिग लड़की उस अपार्टमेंट में घरेलू काम करने जाती थी। बलात्कार के बाद हत्या का आरोप लोगों ने लगाया है। उसका नग्न शरीर अपार्टमेंट के बाथरूम में मिला।
जानकारी के मुताबिक ये घटना दोपहर बाद की है। लड़की सुबह 10 बजे काम पर गई थी और शाम 4 बजे तक घर नहीं लौटी। परिजनों ने अपार्टमेंट में जाकर उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद उसका शव बाथरूम में मिला। फुलवारी शरीफ के ही एक मुहल्ले की लड़की रहने वाली थी। वो पिछले एक साल से मोहम्मद साहिल नाम के व्यक्ति के फ्लैट में काम कर रही थी। परिजनों का आरोप है कि साहिल और उसके दोस्तों ने लड़की के साथ बलात्कार किया और फिर उसकी हत्या कर दी।
इतना ही नहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि जब लड़की के खोजबीन वो लोग करने गए तो चार लोग अपार्टमेंट में शराब पी रहे थे। स्थानीय लोगों ने एक महिला और एक पुरुष को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ कर रही है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफी गुस्सा है। उन्होंने पटना-एम्स सड़क पर टायर जलाकर जाम लगा दिया। वे आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं थे। वे वरिष्ठ अधिकारी को बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
फुलवारीशरीफ थाने के एडिशनल थाना प्रभारी दिवाकर कुमार ने बताया कि पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि हम हर पहलू की जांच कर रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, लड़की के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि हमारी बच्ची सुबह काम पर गई थी। हमें क्या पता था कि वह जिंदा वापस नहीं आएगी। उन्होंने इंसाफ की गुहार लगाई है।