April 25, 2025

सासाराम लोकसभा क्षेत्र में आज सुबह 7 बजे से वोटिंग जारी है। दोपहर एक बजे तक 37.12% मतदान हुआ है। बक्सर संसदीय क्षेत्र के रामगढ़ विधानसभा की बूथ संख्या 166 पर आंटडीह गांव के ग्रामीणों ने वोट देने से मना कर दिया।

ग्रामीणों का कहना था जब से देश आजाद हुआ है तब से आज तक हम लोगों के गांव के लिए सड़क न तो जीतने वाले प्रत्याशी ने बनवाया और न ही जिला प्रशासन ने ध्यान दिया। जिस कारण हम लोग पिछले चुनाव तक तो वोट डालते आ रहे हैं, लेकिन इस बार वोट नहीं देने का एक साथ फैसला लिया है। आंटडीह गांव में कुल 1008 मतदाता हैं। एक भी वोट अभी तक बूथ नंबर 166 पर आंटडीह गांव का नहीं पड़ा है।

रोहतास डीएम ने वोट दिया है साथ ही बिहार सरकार के श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार ने कैमूर में बुथ संख्या-63 पर मतदान किया है। कैमूर एसपी ललित मोहन शर्मा ने पत्नी संग मतदान किया है।

उन्होंने कहा कि मोदी जी का जमावड़ा है। 400 पार होकर रहेगा। यहां से भारी मतों में चुनाव जीतेंगे। पहली बार वोट देने आई महिला अनु कुमारी ने बताया कि खाना-पीना छोड़कर पहले वोट देने आई हूं। काफी उत्साहित हूं। लोगों से अपील करूंगी कि लोग ज्यादा से ज्यादा वोट करें।

श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार ने दिया वोट।
श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार ने दिया वोट।

सासाराम लोकसभा सीट के कैमूर जिले के मोहनिया बूथ पर वोट देने आए बुजुर्ग मतदाता बोले कि विकास के नाम पर वोट किया है। चाहता हूं कि क्षेत्र का विकास हो। पहली बार वोट देने आई सबीना ने कहा कि महामारी में बहुत बेरोजगारी हुई है। चाहती हूं कि सबको जॉब मिले और विकास हो।

ऐतिहासिक हसन सूर शाह का मकबरा में दो बूथ 157- 158 पर लोगों की लाइन लगी है। यहां अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित इस लोकसभा सीट पर कुल 10 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनके भाग्य का फैसला 19 लाख से अधिक मतदाता करेंगे। सासाराम लोकसभा सीट पर भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर है। भाजपा के शिवेश राम के सामने महागठबंधन की ओर से कांग्रेस के मनोज कुमार चुनौती पेश कर रहे हैं।

बता दें कि सासाराम का सांसद इस बार कोई नया चेहरा होगा। भाजपा ने निवर्तमान सांसद छेदी पासवान का टिकट काट दिया और शिवेश राम को पहली बार लोकसभा का टिकट दिया है। जबकि कांग्रेस से पूर्व सांसद मीरा कुमार के चुनाव लड़ने से इंकार के बाद मनोज कुमार को टिकट मिला है। मनोज पिछले चुनाव में बसपा से लड़े थे और तीसरे स्थान पर रहे थे।

6 विधानसभा सीटों पर हो रही है वोटिंग

सासाराम लोकसभा सीट पर मतदाताओं की कुल संख्या 19 लाख 4 हजार 173 है, जिसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 9 लाख 94 हजार 271 है जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 9 लाख 9 हजार 902 है।

सासाराम लोकसभा सीट के अंतर्गत 6 विधानसभा सीटें आती हैं। इनमें मोहनिया, भभुआ और चैनपुर कैमूर जिले में हैं, जबकि चेनारी, सासाराम और करगहर रोहतास जिले में हैं। इन सभी 6 विधानसभा सीटों में से 5 पर महागठबंधन का कब्जा था, लेकिन मोहनिया विधायक ने पाला बदल लिया है। जबकि चैनपुर सीट से जमा खान बसपा से जीते थे, परंतु बाद में वो जदयू में शामिल हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *