April 25, 2025

लोकसभा चुनाव के सातवें चरण में आज पटना जिले की दो लोकसभा सीटों, पटना साहिब और पाटलिपुत्र में वोटिंग हो रही है। पटना साहिब में 1 बजे तक 29.22% वोटिंग हुई है। जबकि, पाटलिपुत्र में 40.78% मतदान हुआ है।

मसौढ़ी स्थित सरपरसा गांव की बूथ संख्या 267 पर सन्नाटा पसरा हुआ है। सुबह सात बजे से एक भी वोट नहीं पड़ा है। लोगों ने अब तक वोट बहिष्कार कर रखा है। इधर, भोजपुरी गायिका शारदा सिन्हा ने पटना साहिब लोकसभा के बूथ नंबर 60 पर मतदान किया है। उन्होंने वोटरों को मतदान के लिए प्रेरित भी किया है।

सगुना मोड़ पर ईवीएम खराब

इधर, पाटलिपुत्र लोकसभा के सगुना मोड़ स्थित मध्य विद्यालय बूथ संख्या 113 पर ईवीएम मशीन खराब हो गई है। इससे कई मतदाताओं को परेशानी हो रही है। मतदाता कड़ी धूप में लाइन में खड़े रहने पर मजबूर हैं। मुख्यमंत्री सचिवालय के अपर मुख्य सचिव डॉ एस सिद्धार्थ और उनकी पत्नी डॉ एन विजय लक्ष्मी ने वोटिंग की है। सेल्फी भी खिंचवाई है।

भोजपुरी गायिका शारदा सिन्हा ने मतदान किया।
भोजपुरी गायिका शारदा सिन्हा ने मतदान किया।

मतदान के बाद तेजस्वी ने क्या कहा

मतदान करने के बाद तेजस्वी यादव ने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में सभी लोग घर से निकलें। बूथ पर जाएं और जो लोग संविधान और लोकतंत्र को खत्म करना चाह रहे हैं, जिन लोगों ने महंगाई बेरोजगारी बढ़ाई है। वोट के जरिए चोट करें। वहीं, उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन की बैठक में शामिल होने के लिए शाम तीन बजे दिल्ली जाएंगे।इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बख्तियारपुर स्थित मतदान केंद्र पर मतदान। इसके बाद परिवार वालों से मिलने के लिए पहुंचे।

बूथ नंबर 267 पर बहिष्कार

वहीं, पाटलिपुत्रा विधानसभा क्षेत्र के मसौढ़ी स्थित सरपरसा गांव के बूथ संख्या 267 पर लोगों ने वोट बहिष्कार कर दिया है। रोड और स्कूल को लेकर करीब 700 लोगों ने बहिष्कार किया है। मतदाताओं को समझाने के लिए मौके पर सिटी एसपी पूर्वी भरत सोनी समेत अन्य कई पदाधिकारी पौधे पर पहुंच गए हैं।

बूथ नंबर 188 पर भी बहिष्कार

पाटलिपुत्र लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के पालीगंज विधानसभा के घूरना बिगहा बूथ नंबर 188 पर मतदाताओं ने वोट का बहिष्कार कर रखा है। सुबह के साढ़े आठ बजे तक एक भी मत नहीं डाले गए थे। ग्रामीणों ने रोड नहीं तो वोट नहीं का नारा देते हुए वोट का बहिष्कार किया है। ग्रामीणों ने कहा है कि गांव में आज तक रोड नहीं बना है। हर चुनाव में प्रत्याशी आते हैं और वादे करके चले जाते हैं। पीठासीन पदाधिकारी ने बताया कि सुबह से एक भी मतदाता वोट देने नहीं पहुंचे हैं।

लालू परिवार ने किया मतदान

लालू प्रसाद और राबड़ी देवी मतदान करने के लिए वेटनरी कॉलेज स्थित बूथ संख्या 171 पर पहुंचे। यहां उन्होंने मतदान किया। लालू प्रसाद के साथ उनकी बेटी रोहिणी आचार्य भी नजर आईं। वहीं, रोहिणी आचार्य ने कहा कि अपना वोट बहनों के नाम समर्पित किया है। वहीं, तेज प्रताप यादव ने कहा कि 4 जून के बाद कुछ बड़ा फैसला होगा। मोदी जी भी मौन में चले गए हैं। इससे यह साबित होता है कि इंडिया गठबंधन की सरकार बन रही है।

चुनाव आयोग की नई पहल

पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत जहानाबाद बूथ संख्या 236 पर चुनाव आयोग की तरफ से नई पहल की गई है। यहां जो भी वोटर पहुंच रहे हैं। उनको तोहफे के तौर पर पेड़ दिया जा रहा है। इस बूथ को हरियाली बूथ घोषित किया गया है। एक वोट एक पेड़। पेड़ लेकर लोग अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं। पेड़ में आम, नींबू, शरीफा, अमरूद इत्यादि शामिल है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी यहीं वोट डालने पहुंचेंगे।

मतदान करने के बाद खुशी का इजहार करते पति-पत्नी।
मतदान करने के बाद खुशी का इजहार करते पति-पत्नी।

पूर्व सांसद समेत अनेक नेता भी कर रहे मतदान

बीजेपी के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा और उनकी पत्नी पल्लवी सिन्हा लोयला स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर मतदान के लिए पहुंचे। इधर, पूर्व सांसद आर के सिन्हा ने पटना साहिब के दीघा विधान सभा के बूथ संख्या 257 पर मताधिकार का प्रयोग किया। वोटिंग सुबह 7 बजे से शुरू है। सुबह से ही लोग बूथ पर पहुंच रहे हैं। उनमें वोटिंग को लेकर उत्साह दिख रहा है। पटना साहिब में मुकाबला भाजपा के रविशंकर प्रसाद और कांग्रेस के अंशुल अविजित के बीच है। वहीं पाटलिपुत्र में भाजपा के रामकृपाल यादव के सामने लगातार तीसरी बार लालू प्रसाद यादव की बेटी मीसा भारती हैं। दोनों ही लोकसभा क्षेत्रों को मिलाकर कुल 39 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। कुल 4290 बूथ बनाए गए हैं। कुल वोटर्स की संख्या 43 लाख 76 हजार 151 है।

पाटलिपुत्र लोकसभा में मध्य विद्यालय चमन टोला मतदान कर बाहर निकलती युवती।
पाटलिपुत्र लोकसभा में मध्य विद्यालय चमन टोला मतदान कर बाहर निकलती युवती।

बिहटा नगर के जिनपुरा गांव स्थित 254 बूथ पर मतदाताओं की लंबी कतार लग गई है। 74 वर्षीय जयमंगल सिंह ने अपना मतदान किया। 86 वर्षीय बिंदेश्वर शर्मा भी मतदान करने पहुंचे। बुजुर्ग वोटर्स भी मतदान करने पहुंच रहे हैं। मतदान केंद्र के परिसर में आने-जाने वालों लोगो को सुरक्षाकर्मी जांच कर प्रवेश करते दिख रहे हैं।

पटना साहिब में भाजपा का सीधा मुकाबला कांग्रेस से

6 विधानसभा वाले पटना साहिब में भाजपा के उम्मीदवार रविशंकर प्रसाद हैं। इनका सीधा मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार अंशुल अभिजीत कुशवाहा से है। इन दोनों को मिलाकर पटना साहिब सीट से कुल 17 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

इस लोकसभा क्षेत्र में बख्तियापुर, फतुहा, पटना सहिब, कुम्हरार, बांकीपुर और दीघा विधानसभा क्षेत्र आते हैं। इन्हें मिलाकर कुल वोटर्स की संख्या 22 लाख 95 हजार 535 है। इसमें पुरुष वोटर्स 12 लाख 8 हजार, महिला वोटर्स 10 लाख 83 हजार 934, अन्य 111, सर्विस में 3482 और विदेश में रहने वाले 8 वोटर्स शामिल हैं। पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र में कुल 2131 बूथ बनाए गए हैं।

पाटलिपुत्र लोकसभा में रामकृपाल से है मीसा की लड़ाई

पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से कुल 22 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। मगर, यहां कड़ा मुकाबला भाजपा के रामकृपाल यादव और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद की बेटी मीसा भारती के बीच है। लगातार तीसरी बार दोनों के बीच सीधी टक्कर है।

दानापुर, मनेर, फुलवारी शरीफ, मसौढ़ी, पालीगंज और बिक्रम को मिलाकर इसमें भी कुल 6 विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। पाटलिपुत्र में कुल वोटर्स की संख्या 20 लाख 80 हजार 616 है। इसमें 10 लाख 89 हजार 278 पुरुष, 9 लाख 84 हजार 351 महिला, 56 अन्य, 6 हजार 928 सर्विस में और 3 वोटर्स विदेश में रहने वाले शामिल हैं। इस क्षेत्र में कुल 2159 बूथ बनाए गए हैं।

971 संवेदनशील बूथों पर तैनात रहेगी पैरामिलिट्री फोर्स

दोनों लोकसभा क्षेत्र में सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं। कुल 4290 बूथ में 971 को संवेदनशील माना गया है। इन बूथों पर पूरी तरह से पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती की गई है। जबकि, बाकी के बूथों पर पैरामिलिट्री फोर्स के साथ, राज्य पुलिस और होमगार्ड के जवानों को तैनात किया गया है। वहीं, पटना से सटे नालंदा, भोजपुर, अरवल, बेगूसराय और वैशाली जिले से जुडे़ बॉर्डर पर 32 जगहों को सील किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *