March 17, 2025

पंजाब की 13 लोकसभा सीटों पर वोटिंग जारी है। शाम 6 बजे तक वोटिंग होगी। सुबह 11 बजे तक 23.91% मतदान हुआ है। इस बीच फिरोजपुर सीट से बसपा के उम्मीदवार सुरिंदर कंबोज की EVM पर वोट डालते हुए वीडियो वायरल हो गई है। वह आप विधायक गोल्डी कंबोज के पिता हैं।

फरीदकोट में तेज आंधी के कारण पोलिंग बूथ का शेड उड़ गया। जिससे वहां ड्यूटी दे रहे कर्मचारी बाल-बाल बच गए।

लुधियाना, गुरदासपुर और बठिंडा में EVM मशीन खराब होने से मतदान में देरी हुई। बठिंडा में EVM के खराब होने के कारण AAP कैंडिडेट व मंत्री गुरमीत सिंह खुडि्डयां को वोट डालने के लिए इंतजार करना पड़ा।

मतदान केंद्रों पर AAP, कांग्रेस, ‌‌‌‌‌BJP और अकाली दल के कैंडिडेट्स व नेता वोट डालने पहुंच रहे हैं। CM भगवंत मान ने पत्नी गुरप्रीत कौर के साथ संगरूर में मतदान किया। वहीं अमृतसर से BJP कैंडिडेट तरनजीत संधू, राज्यसभा सांसद राघव चड्‌ढा ने मोहाली और पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने जालंधर में वोट डाला।

अमृतसर में शुक्रवार रात को दो बाइकों पर आए युवकों ने आम आदमी पार्टी के वर्कर व साथियों पर गोलियां बरसा दी। जिसमें एक की मौत हो गई है, जबकि 4 जख्मी हैं। उन्हें अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।

जालंधर के आदमपुर एरिया में पोलिंग बूथ के पास एक व्यक्ति से मारपीट की गई है। मंसूरपुर के पास हुई इस घटना में एक व्यक्ति जख्मी हुआ है। जिसे सिविल अस्पताल आदमपुर में भर्ती करवाया गया है। इस मामले में थाना आदमपुर के SHO रविंद्र पाल सिंह ने कहा फिलहाल उन्हें सूचना मिली है। मारपीट पोलिंग बूथ के अंदर हुई या बाहर इस पर अभी जांच जारी है। जांच के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।

गुरदासपुर से अकाली दल के उम्मीदवार डॉ दलजीत चीमा ने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट डाली। उन्होंने आरोप लगाया कि फतेहगढ़ चूड़ियां के गांव कोर्ट अहमद खां के बूथ नंबर 131 में पनसप के पूर्व चेयरमैन व आम आदमी पार्टी के हलका इंचार्ज बलबीर सिंह पन्नू ने वोटरों को प्रभावित किया। लोगों ने इसका विरोध किया। इस पर उन्हें वहां से वापिस लोटना पड़ा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *