गोपालगंज लोकसभा क्षेत्र में आज सुबह सात बजे से वोटिंग जारी है। सुबह 11 बजे तक 22.61% मतदान हुआ है। मतदान को प्रभावित करने के आरोप में चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर कुचायकोट थाना पुलिस ने कार्रवाई की है।
बूथ संख्या 113,117 और 128 पर भीड़ जुटाने के लिए मना किया जा रहा था लेकिन वो लोग नहीं मान रहे थे, जिसके कारण चारों को हिरासत में लिया गया है।
मांझा प्रखंड के भटवलिया गांव में ढाला निर्माण नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने वोट का बहिष्कार किया है। बूथ संख्या-51 पर एक भी मतदान नहीं हुआ। बूथ संख्या-52 पर महज 10 वोट ही पड़े। अधिकारियों की टीम आक्रोशित लोगों को समझाने में जुटी है।
बरौली में वोट का बहिष्कार किया गया है। बरौली की बूथ संख्या-223 पर वोट का बहिष्कार हुई है। रेलवे डाला नहीं बनने से ग्रामीण नाराज हैं। यहां अब तक एक भी मतदाता वोट देने नहीं पहुंचे हैं।
कमला राय बूथ संख्या-136 पर 80 वर्षीय महिला समेत 18 लोग मतदान करने से वंचित रह गए थे। उनका वोटर लिस्ट में नाम है जबकि 1024 मतदाता सूची चेक स्लिप में 1006 मतदाताओं का नाम दर्ज है। वहीं काफी मशक्कत के बाद वंचित मतदाताओं को मतदान करने की अनुमति मिली है जिसके बाद उनमें उत्साह देखा जा रहा है।
2006 मतदान केन्द्रों पर मतदान की प्रक्रिया चालू है। शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में वोटिंग संपन्न कराने को लेकर प्रशासनिक महकमे की तैयारी मुकम्मल है।
डीएम मो. मकसूद आलम ने भी बूथ नंबर-12 से मतदान किया है। बूथों पर महिला, पुरुष, युवा, बुजुर्गों की लाइन लगी है। सभी अपनी बारी का वेट कर रहे हैं। वहीं, 90 साल की बुजुर्ग महिला सदर प्रखंड कार्यालय के बूथ संख्या 123 पर वोट देने आई है।
2006 मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बहाल होने के लिए अर्द्धसैनिक बलों की टुकड़ियां, बीएसएफ और स्थानीय पुलिस बल के अलावा दियारा इलाके में गश्त करने के लिए घुड़सवार की टीम को लगाया गया है। जादोपुर थाना प्रभारी विकास कुमार ने अपने दल बल के साथ पतहरा दियारा इलाके में घुड़सवार बीएसएफ और स्थानीय पुलिस के साथ गश्ती की है।