March 24, 2025

शेयर मार्केट आज यानी गुरुवार (23 मई) को ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया है। सेंसेक्स ने 75,407 का हाई बनाया है। इससे पहले सेंसेक्स का हाई 75,124 था जो उसने 9 अप्रैल को बनाया था। वहीं निफ्टी ने 22,959 का लेवल छुआ। इससे पहले निफ्टी का हाई 22,794 था।

आज के कारोबार में सबसे ज्यादा तेजी बैंकिंग और ऑटो शेयरों में है। निफ्टी के बैंक और ऑटो इंडेक्स में करीब 2% की तेजी है। आईटी और रियल्टी इंडेक्स 1% से ज्यादा चढ़े हैं। वहीं मेटल और फार्मा शेयरों में गिरावट है। मेटल इंडेक्स 0.32% और फार्मा 0.48% नीचे है।

शेयर बाजार में तेजी के 4 कारण

  1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इकोनॉमिक टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि 4 जून को, जैसे ही BJP रिकॉर्ड संख्या को छुएगी, शेयर बाजार भी नई रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच जाएगा। इस बयान का पॉजिटिव असर बाजार पर दिख रहा है।
  2. विदेशी संस्थागत निवेशक (FII) सेलर बने हुए हैं, लेकिन घरेलू संस्थागत निवेशक खरीदारी कर रहे हैं। NSE पर उपलब्ध अनंतिम आंकड़ों के अनुसार 22 मई, 2024 को FIIs ने 686.04 करोड़ रुपए के शेयर बेचे जबकि DIIs ने 961.91 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे।
  3. LT, ICICI बैंक, एक्सिस बैंक, HDFC बैंक, रिलायंस के शेयरों में तेजी के कारण सेंसेक्स चढ़ा है। LT और एक्सिस बैंक के शेयर करीब 3% की तेजी है। ICICI बैंक, HDFC बैंक और रिलायंस के शेयरों में करीब 1% की तेजी है।
  4. RBI बोर्ड ने वित्त वर्ष 2024 के लिए सरकार को रिकॉर्ड 2,10,874 करोड़ रुपए के सरप्लस ट्रांसफर को मंजूरी दी है। पिछले वित्त वर्ष 2022-23 में RBI ने सरकार को 87,416 करोड़ का सरप्लस ट्रांसफर किया था। यानी, ये पिछले साल से 1.23 लाख करोड़ रुपए ज्यादा है।

गो डिजिट का शेयर 5% ऊपर लिस्ट
गो डिजिट जनरल इंश्योरेंस का शेयर NSE पर 5.15% ऊपर 286 रुपए पर लिस्ट हुआ। वहीं BSE पर ये 3.35% ऊपर 281.10 रुपए पर लिस्ट हुआ। इसका इश्यू प्राइस 272 रुपए का था।

औफिस स्पेस सॉल्यूशंस लिमिटेड के IPO में निवेश का मौका
औफिस स्पेस सॉल्यूशंस का इनिशियल पब्लिक ऑफर यानी IPO सब्सक्रिप्शन के लिए 22 मई से खुल गया है। रिटेल निवेशक इस IPO के लिए 27 मई तक बोली लगा सकेंगे।

इस IPO के लिए रिटेल निवेशक को मिनिमम एक लॉट यानी 39 शेयर के लिए अप्लाय करना होगा। कंपनी ने IPO का प्राइज बैंड ₹364-₹383 प्रति शेयर तय किया है।

यदि आप IPO के अपर प्राइस बैंड ₹383 के हिसाब से 1 लॉट के लिए अप्लाय करते हैं तो आपको ₹14,937 लगाने होंगे। रिटेल निवेशक अधिकतम 13 लॉट यानी 507 शेयर के लिए बिडिंग कर सकते हैं, जिसके लिए ₹194,181 इन्वेस्ट करने होंगे।

कल बाजार में रही थी तेजी
इससे पहले कल यानी बुधवार (22 मई) को शेयर बाजार में बढ़त देखने को मिली थी। सेंसेक्स 267 अंक की बढ़त के साथ 74,221 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में भी 68 अंक की तेजी रही। ये 22,597 के स्तर पर बंद हुआ था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *