लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में बिहार की पांच सीटों पर मतदान हो रहा है। समस्तीपुर और उजियारपुर में भी सुबह 7 बजे से वोटिंग जारी है। सुबह से ही वोटर्स लाइन में खड़े हो गए। महिलाओं ने कहा कि पहले मतदान उसके बाद घर का काम।
समस्तीपुर में भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर के बेटे और राज्यसभा सांसद रामनाथ ठाकुर ने मतदान किया। दोपहर 1 बजे तक उजियारपुर में 34.90% और समस्तीपुर में 36.28% वोटिंग हुई।
नाव से 5KM का सफर कर वोट देने आए लोग
उजियारपुर के मोहिउद्दीन नगर विधानसभा के रसलपुर घाट पर लोग नाव से 5 किलो मीटर का सफर तय कर मतदान करने पहुंचे। लोगों का कहना है वो लोग मतदान तो करते हैं लेकिन पुल का निर्माण आजतक नहीं हो पाया। इसकी वजह से यहां के लोगों को काफी समस्या होती है।
मतदान से रोकने का आरोप
उजियारपुर के मोहिउद्दीन नगर विधानसभा क्षेत्र के चकराजली सुरक्षा के बीच दलित मतदाताओं को मतदान केंद्र तक ले जाया गया। दलित मतदाताओं का आरोप था कि उन्हें जाति विशेष के लोगों द्वारा वोट देने से रोका जाता है। इसके बाद लोगों ने प्रशासनिक पदाधिकारी को सूचना दी थी इसके बाद बड़ी संख्या में फोर्स के साथ सभी लोगों को मतदान के लिए ले जाया गया।
2 मंत्रियों के बेटी-बेटा मैदान में
समस्तीपुर संसदीय क्षेत्र के 18 लाख 893 मतदाता हैं। वहीं उजियारपुर संसदीय क्षेत्र के कुल 17 लाख 24 हजार 753 मतदाता है। यहां छह विधानसभा क्षेत्रों में 1698 बूथ बनाए गए हैं। समस्तीपुर में बिहार सरकार के दो मंत्रियों के बेटी और बेटे चुनावी मैदान में हैं। एनडीए ने अशोक चौधरी की बेटी शांभवी चौधरी तो इंडिया ने मंत्री महेश्वर हजारी के बेटे सन्नी हजारी को चुनावी मैदान में उतारा है। दोनों के बीच कांटे की टक्कर मानी जा रही है।
जबकि उजियारपुर में राजद के आलोक कुमार मेहता और भाजपा से केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के बीच सीधी टक्कर है।
1858 मतदान केन्द्र बनाए गए
समस्तीपुर में 1858 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कुल मतदाताओं की संख्या18,00893 हैं। जिनमें 94,59,62 पुरूष, 85,49,02 महिला तथा ट्रांसजेंडर 29 वोटर्स शामिल हैं।
सुरक्षा के किए गए इंतजाम
सभी मतदान केन्दों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पारा मिलिट्री फोर्स के साथ बिहार पुलिस के जवान को शांतिपूर्ण मतदान के लिए लगाया गया है।
क्या है जातीय समीकरण
समस्तीपुर संदीय क्षेत्र में 18,00893 मतदाताओं में से एससी मतदाताओं की संख्या लगभग 341,029 है। कुल वोटर का यह लगभग 19.5 फीसदी हिस्सा है। समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र में सवर्ण 13 फीसदी और यादव करीब 12 प्रतिशत हैं। वहीं, 0.1 फीसदी एसटी मतदाता हैं। इनकी आबादी लगभग 1,749 है। मुस्लिम मतदाताओं की संख्या लगभग 12.6 फीसदी यानी 220,482 है। ग्रामीण मतदाताओं की संख्या लगभग 16,63,171 यानी लगभग 95.1 प्रतिशत है। वहीं, शहरी मतदाताओं की संख्या लगभग 85,694 यानी लगभग 4.9 फीसदी है।
राजद-भाजपा के बीच सीधा मुकाबला
उजियारपुर संसदीय क्षेत्र में राजद के आलोक कुमार मेहता और भाजपा से केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के बीच सीधी टक्कर है। समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र में सवर्ण 12 फीसदी और यादव करीब 19 प्रतिशत हैं। मुस्लिम मतदाताओं की संख्या लगभग 15.6 फीसदी है। पिछड़ा 12 व अतिपिछड़ा करीब 16 फीसदी हैं। महादलित मतदाताओं की संख्या 17.4 फीसदी है। दलित मतदाताओं की संख्या 8 फीसदी है।