खगड़िया में 11 बजे तक 24% मतदान हो गया है। इस संसदीय क्षेत्र के विधान थाना चौक के पास सड़क हादसे में एक बच्चे की मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया है। सड़क जाम के कारण वोट गिराने के लिए जा रहे कई मतदाता भी फंस गए हैं। इस वजह से वे बूथ तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। वहीं, शहरबनी गांव में मतदान केंद्र 9 पर चिराग पासवान ने मतदान किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का यह महापर्व है। सभी को अच्छे भविष्य के लिए वोटिंग के लिए बाहर निकलना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस बार वोट प्रतिशत भी बढ़ेगा। साथ ही कहा कि यहां बेटा-भतीजा बनकर वोट देने आया हूं। यहां तो सभी रिश्तेदार हैं।
महिला वोटर बोली- मतदान के बाद घर का काम करेंगे
खगड़िया संसदीय क्षेत्र के 1865 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है। बूथ नंबर 72 बुजुर्ग महिला ने कहा कि वोट गिराने के बाद घर का कामकाज करेंगे। बड़गांव हाई स्कूल मतदान केंद्र संख्या 162, 163 पर बड़ी संख्या में मतदाता पहुंचे हैं। कई महिलाएं घूंघट देकर मतदान केंद्र पर पहुंच रही हैं। बूथ संख्या 168 पर सुरक्षाकर्मी एक बुजुर्ग वोटर को मतदान केंद्र पर लेकर गए हैं।
इस संसदीय क्षेत्र के 18 लाख 24 हजार 990 मतदाता, 12 प्रत्याशी के भाग्य का फैसला करेंगे। यहां NDA और महागठबंधन के उम्मीदवार के बीच सीधी टक्कर है। निष्पक्ष और स्वच्छ मतदान को लेकर संसदीय क्षेत्र में पारा मिलिट्री के साथ बिहार सैन्य पुलिस बल के जवानों को तैनात किया गया है। खगड़िया में 9,56,887 पुरूष, 8,68,053 महिला और 50 अन्य वोटर हैं।
कहां कितने मतदाता
खगड़िया लोकसभा क्षेत्र में खगड़िया विधानसभा के अलावा अलौली, बेलदौर, परबत्ता, सिमरी बख्तियारपुर, और हसनपुर विधानसभा क्षेत्र है। अलौली विधानसभा में 1,37,501 पुरुष के साथ ही 1,26,042 महिला और 11 अन्य मतदाता हैं। इसके अलावा खगड़िया विधानसभा में 1,41,010 पुरूष के साथ ही 1,26,629 महिला और एक अन्य मतदाता है।
बेलदौर में 1,68,438 पुरूष, 1,52,358 महिला और 11 अन्य है। परबत्ता में 1,70,385 पुरूष, 1,51,688 महिला और 9 अन्य शामिल है। सिमरी बख्तियापुर में 1,82,540 पुरूष, 1,68,950 महिला और 16 अन्य शामिल है। वहीं, हसनपुर में 1,57,013 पुरूष के साथ ही 1,42,386 महिला और 2 अन्य वोटर शामिल हैं।
मैदान में ये प्रत्याशी
लोजपा (रा.) से राजेश वर्मा, CPIM से संजय कुमार, बसपा से डॉ रवि कुमार, राष्ट्रीय जन संभावना पार्टी से अजय कुमार, आदर्श मिथिला पाटी से आशिफ इमाम, हिन्दुस्तान पिपुल पार्टी से कंचल माला, आम जनता पार्टी से चंद्र किशोर ठाकुर, राष्ट्रीय जन कल्याण पार्टी से पिंकेश कुमार, जबकि निर्दलीय दिनेश चंद्रवंशी, प्रियदर्शी दिनकर और रूपम देवी मैदान में हैं। यह लोजपा रा के राजेश वर्मा और इंडिया गठबंधन से CPIM उम्मीदवार संजय कुमार के बीच सीधी टक्कर है।