पप्पू यादव ने पूर्णिया के पूर्व सांसद का लिया आशीर्वाद , बीमा भारती भी पहुंची

पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र में महागठबंधन के दो नेताओं के बीच दिलचस्प मामला देखने को मिल रहा है। पूर्णिया में दो बार के सांसद रहे उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह के चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा के बाद सभी उम्मीदवार आशीर्वाद लेने के लिए पप्पू सिंह के घर पहुंच रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस नेता पप्पू यादव और राजद प्रत्याशी बीमा भारती ने पूर्णिया के पूर्व सांसद उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह के आवास पर जाकर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान दोनों नेताओं ने अलग से करीब आधे घंटे तक बात की। लेकिन पप्पू यादव जब आशीर्वाद लेने के लिए झुके तो पप्पू सिंह उस समय दूसरी ओर देख रहे थे।

पप्पू सिंह ने पहले ही घोषणा की थी कि पप्पू यादव के अच्छे स्वास्थ्य की हम सिर्फ कामना कर सकते हैं, लेकिन उनके जीत की कामना हम नहीं कर सकते। इसके बावजूद पप्पू यादव पप्पू सिंह की आवास पहुंचकर उनका आशीर्वाद लिया। पप्पू यादव के जाने के बाद राजद प्रत्याशी बीमा भारती भी पप्पू सिंह के आवास पर गई और उनका आशीर्वाद लिया।

दोनों नेताओं से मुलाक़ात के बाद उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने कहा कि सभी चुनाव मैदान में है और सभी को अधिकार है कि वह कहीं भी जा सकते हैं। लेकिन जनता के पास विकल्प खुले हुए हैं और अगर विकल्प नहीं है तो नोटा भी एक विकल्प है। कुल मिलाकर पूर्णिया के पूर्व सांसद पप्पू सिंह 2024 के लोकसभा चुनाव में कृष्ण की भूमिका में नजर आ रहे हैं। लेकिन वह कहते हैं कि उनकी भूमिका पप्पू सिंह की है ना की किसी और की।

गौरतलब है कि उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने एक दिन पहले ही घोषणा की थी कि इस बार वह लोकसभा चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। उन्होंने पप्पू यादव के कांग्रेस में शामिल होने पर नाराजगी भी जताई थी और खुद को महागठबंधन से अलग बताया था। इससे पहले 2004 और 2009 में उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह पूर्णियां से भाजपा के टिकट पर विजयी रहे थे, जबकि 2014 और 2019 में वह चुनाव हार गए थे।

बता दें कि 2019 मे उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह कांग्रेस के टिकट से पूर्णिया लोकसभा का चुनाव लड़े थे, जिसमें जदयू प्रत्याशी संतोष कुशवाहा विजयी रहे थे। उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने लोकसभा चुनाव नहीं लड़ने को लेकर पूर्णिया की जनता से माफी भी मांगी है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वह अब महागठबंधन का सदस्य नहीं है।

komal gupta